रामपुर/शाहबाद: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक बेहद दुखद और विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ बिजली विभाग में तैनात 42 वर्षीय जूनियर इंजीनियर (JE) रविंद्र मिश्रा ने शनिवार रात अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले उन्होंने अपने 12 साल के मासूम बेटे को वीडियो कॉल किया था, जिसमें वह काफी भावुक नजर आ रहे थे।
वीडियो कॉल पर बेटे से आखिरी बात
मूल रूप से शाहजहांपुर के रहने वाले रविंद्र मिश्रा शाहबाद थाना क्षेत्र के बिलारी मार्ग पर अकेले रहते थे, जबकि उनका बेटा अपने ताऊ के पास रह रहा था। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:20 बजे रविंद्र ने अपने बड़े भाई को फोन कर बेटे से बात कराने की इच्छा जताई। वीडियो कॉल के दौरान पिता को रोता देख बेटा घबरा गया और उसने तुरंत परिजनों को जानकारी दी कि पिता कुछ गलत कदम उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही विभाग के सहकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा, लेकिन तब तक रविंद्र की जान जा चुकी थी।
वैवाहिक विवाद और मानसिक तनाव बनी वजह
परिजनों और सहकर्मियों का कहना है कि रविंद्र पिछले काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। उनकी शादी साल 2012 में हुई थी, लेकिन पिछले कई वर्षों से पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। वर्तमान में दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में लंबित है। मृतक के बेटे ने भी अपनी मां पर पिता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शाहबाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह और तनाव का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- विभाजन की त्रासदी पर बनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का भावुक ट्रेलर रिलीज, सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी की दमदार वापसी, 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक - July 28, 2026
- जो लोग चढ़ावा नहीं बचा सके, वो लोग पेपर लीक कैसे बचा पाएंगे… लोकसभा में बोले अखिलेश यादव - July 28, 2026
- पेपर लीक पर राहुल गांधी ने सरकार को घेरा, बोले—10 साल में 152 लीक, करोड़ों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ - July 28, 2026