आगरा: ताजनगरी के खंदौली टोल प्लाजा पर सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब समाजवादी पार्टी के नेताओं और किसानों ने आलू के उचित दाम न मिलने के विरोध में यमुना एक्सप्रेस-वे की सड़क पर आलू फैला दिए। इस प्रदर्शन के कारण टोल की एक लाइन पूरी तरह ठप हो गई और करीब 20 मिनट तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद अब 11 नामजद सपाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पैरों से आलू हटाने पर भड़का आक्रोश
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और सपा के वरिष्ठ नेता राकेश बघेल दर्जनों किसानों के साथ टोल पर पहुंचे थे। उन्होंने आलू की माला पहनकर विरोध दर्ज कराया और बोरों में भरकर लाए गए आलू सड़क पर बिखेर दिए। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने जब पैरों से आलू हटाना शुरू किया, तो माहौल गरमा गया। सपाइयों ने इसे ‘अन्न और अन्नदाता’ का अपमान करार देते हुए पुलिस का विरोध किया।
”फॉर्च्यूनर बनाम बैलगाड़ी”: पुलिस और नेताओं में जुबानी जंग
हंगामे के दौरान चौकी इंचार्ज और सपा नेताओं के बीच तीखी बहस हुई। चौकी इंचार्ज ने तंज कसते हुए कहा कि “किसान फॉर्च्यूनर में नहीं चलते”, जिस पर नेताओं ने पलटवार करते हुए पूछा कि “तो क्या तुम बैलगाड़ी में चलते हो?”। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की गाड़ियों की फोटोग्राफी शुरू कर दी और उन्हें सीज करने की धमकी दी। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह और डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान भी मौके पर पहुंच गए।
SDM और ACP को सौंपा ज्ञापन
बढ़ते तनाव को देखते हुए एसीपी देवेश कुमार और एसडीएम एत्मादपुर सुमित कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा, जिसमें मुख्य रूप से दो मांगें रखी गई हैं। जिसमे आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 1800 रुपये प्रति क्विंटल तय किया जाए। सरकार तुरंत सरकारी खरीद केंद्र खोले ताकि किसानों को बिचौलियों से राहत मिले।
इन 11 लोगों पर दर्ज हुई FIR
टोल प्रबंधक अजय झा की तहरीर पर पुलिस ने बलवा और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
नामजद आरोपी: प्रबल प्रताप सिंह उर्फ राकेश बघेल, मनोज कुशवाह, मनीष उधौनियां, जितेंद्र शर्मा, भरत शर्मा, हर्ष उपाध्याय, विक्रम सिंह, भीकम सिंह, आयुष, महेंद्र सिंह और गोविंद। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है।
- आगरा में मोबाइल लुटेरों का गैंग बेनकाब: 16 मोबाइल फोन के साथ एक शातिर गिरफ्तार, चार नाबालिग भी गए पकड़े - June 12, 2026
- देश के प्रसिद्ध शूटिंग कोच और एशियाई खेलों के गोल्ड मेडल विजेता जसपाल राणा का निधन, खेल जगत में शोक की लहर - June 12, 2026
- यूपी के परिवहन तंत्र में नया अध्याय: मुख्यमंत्री योगी ने गौतमबुद्ध नगर को दी 45 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात - June 12, 2026