Agra News: लोहामंडी में पुलिस चौकी के पास जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, संकरी गलियों में फंसी दमकल, धुआं देख घरों से बाहर भागे लोग

स्थानीय समाचार

आगरा। ताजनगरी के थाना लोहामंडी अंतर्गत खातीपाड़ा क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आलमगंज पुलिस चौकी के ठीक पीछे स्थित एक जूता फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। घनी आबादी के बीच आग की विकराल लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि दमकल की दो गाड़ियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

केमिकल के कारण विकराल हुई लपटें

स्थानीय निवासियों के अनुसार, फैक्ट्री में जूते बनाने के लिए भारी मात्रा में केमिकल, सॉल्युशन और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी। आग लगते ही इन रसायनों ने ईंधन का काम किया और देखते ही देखते लपटों ने रौद्र रूप धारण कर लिया। आग इतनी भीषण थी कि आसपास के मकानों को भी चपेट में लेने का खतरा पैदा हो गया था।

संकरी गलियों ने बढ़ाई दमकल की चुनौती

घटना की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत रवाना हुई, लेकिन खातीपाड़ा की बेहद संकरी गलियों के कारण दमकल की बड़ी गाड़ियों को मौके तक पहुँचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दो छोटी गाड़ियों और लंबी पाइपलाइन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया।

​आबादी के बीच अवैध संचालन पर भड़के लोग

क्षेत्रीय जनता ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। लोगों का आरोप है कि घनी आबादी के बीच सालों से बिना सुरक्षा मानकों के जूते बनाने का काम किया जा रहा है, जो स्थानीय निवासियों की जान के लिए बड़ा खतरा है। मोहल्ले वालों का कहना है कि यदि आज हवा तेज होती या दमकल में देरी होती, तो पूरी बस्ती आग की भेंट चढ़ सकती थी।

​जांच में जुटी पुलिस

राहत की बात यह है कि इस अग्निकांड में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि फैक्ट्री में रखा लाखों का माल जलकर खाक हो गया। पुलिस और दमकल विभाग अब आग लगने के सटीक कारणों (शॉर्ट सर्किट या अन्य) की जांच कर रहे हैं। साथ ही फैक्ट्री के संचालन और लाइसेंस की वैधता को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh