आगरा। बाह तहसील के बटेश्वर घाट पर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यमुना नदी में स्नान कर रही सात वर्षीय बच्ची अचानक डूबने लगी। बेटी को डूबता देख मां भी उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ी, लेकिन देखते ही देखते मां-बेटी दोनों ही गहरे पानी में फंस गईं। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने साहस दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद के पिपरौली गांव निवासी कशिश रानी यमुना घाट पर स्नान कर रही थी। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। बच्ची को डूबता देख उसकी मां मंजू घबराकर तुरंत नदी में कूद पड़ी, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वह भी खुद को संभाल नहीं सकी।
मां-बेटी को पानी में संघर्ष करते देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर नाव पर मौजूद नाविक हरिओम भदौरिया ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी और दोनों को बाहर निकालकर सुरक्षित बचा लिया। घाट पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली और नाविक के साहस की सराहना की।
सूचना मिलने पर बटेश्वर चौकी के पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक परिवार वहां से अपने घर के लिए रवाना हो चुका था। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने नदी में स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील की।
- आगरा खंड एमएलसी चुनाव: नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद साफ हुई तस्वीर, शिक्षक सीट पर 12 और स्नातक सीट पर 13 उम्मीदवार मैदान में - October 10, 2026
- आगरा के हाथी घाट पर बड़ा हादसा: पितृ अमावस्या पर स्नान के दौरान यमुना में डूबे चाचा-भतीजे, भतीजा सुरक्षित, चाचा की तलाश जारी - October 10, 2026
- शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में आगरा में बनेगा सैनिक प्रशिक्षण केंद्र, फाउंडेशन की पहल को मिला मंत्रियों का समर्थन - October 10, 2026