Agra News: रिंग रोड पर दर्दनाक हादसा, बेकाबू ट्रक ने एक्टिवा सवार युवकों को कुचला, एक की मौत एक घायल

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा में रिंग रोड पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रमाडा होटल के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने एक्टिवा सवार दो युवकों को कुचल दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्टिवा सवार युवक रिंग रोड से गुजर रहे थे, तभी अचानक ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और ट्रक सीधे स्कूटी से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एस.एन. मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक शमशाबाद क्षेत्र के निवासी थे और उनकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh