उत्तर प्रदेश की पूर्व सीएम और बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने मंगलवार को अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर और अपने उत्तराधिकारी के पद से हटाने की घोषणा की थी। मायावती के इस फैसले के बाद अब भतीजे आकाश आनंद की पहली प्रतिक्रिया सामने आयी है। आकाश ने बीएसपी सुप्रीमो के आदेश को सबसे ऊपर बताते हुए उसे स्वीकार किया है।
आकाश आनंद ने गुरुवार को एक्स पोस्ट के माध्यम से कहा, ‘आदरणीय बहन मायावती जी, आप पूरे बहुजन समाज के लिए एक आदर्श हैं। करोड़ों देशवासी आपको पूजते हैं। आपके संघर्षों की वजह से ही आज हमारे समाज को एक ऐसी राजनैतिक ताकत मिली है, जिसके बूते बहुजन समाज आज सम्मान से जीना सीख पाया है। उन्होंने आगे लिखा, ‘आप हमारी सर्वमान्य नेता हैं। आपका आदेश सिर माथे पे। भीम मिशन और अपने समाज के लिए मैं अपनी अंतिम सांस तक लड़ता रहूंगा।’
गौरतलब है कि बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने पहले आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी बनाया था। इसकी घोषणा मायावती ने 10 दिसंबर 2023 को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक में की थी। हालांकि, कुछ ही महीनों बाद मायावती ने अपने इस फैसले पर यूटर्न ले लिया है। मायावती ने मंगलवार 7 मई को अपने एक्स पोस्ट में आकाश आनंद को पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर और अपने उत्तराधिकारी के पद से हटाने की घोषणा की।
पूर्व सीएम मायावती ने लिखा, ‘विदित है कि बीएसपी एक पार्टी के साथ ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के आत्मसम्मान व स्वाभिमान तथा सामाजिक परिवर्तन का भी मूवमेन्ट है, जिसके लिए कांशीराम जी व मैंने खुद भी अपनी पूरी जिन्दगी समर्पित की है और इसे गति देने के लिए नई पीढ़ी को भी तैयार किया जा रहा है।’ आगे ने आगे लिखा, ‘इसी क्रम में पार्टी में अन्य लोगों को आगे बढ़ाने के साथ ही आकाश आनन्द को नेशनल कोऑर्डिनेटर व अपना उत्तराधिकारी घोषित किया। किन्तु पार्टी व मूवमेन्ट के व्यापक हित में पूर्ण परिपक्वता आने तक अभी उन्हें इन दोनों अहम जिम्मेदारियों से अलग किया जा रहा है।’
बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने आगे लिखा, ‘जबकि इनके पिता आनन्द कुमार पार्टी व मूवमेन्ट में अपनी जिम्मेदारी पहले की तरह ही निभाते रहेंगे। अतः बीएसपी का नेतृत्व पार्टी व मूवमेन्ट के हित में एवं बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर के कारवां को आगे बढ़ाने में हर प्रकार का त्याग व कुर्बानी देने से पीछे नहीं हटने वाला है।’
-एजेंसी
- दशकों के शोषण और जंजीरों के दर्द से मुक्ति: 2014 में बचाए गए हाथी राजू की कहानी, अब पौष्टिक आहार और चिकित्सीय देखरेख में कट रहे दिन - October 19, 2026
- सीतापुर में 17 साल की शादी और दो बच्चों को छोड़कर फेसबुक प्रेमी के पास गई पत्नी, पति ने खुद कराई दोनों की शादी - October 19, 2026
- आगरा में ‘बड़ा आदमी बनकर लौटेंगे’ पत्र लिखकर घर से भागे थे तीन बच्चे; पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल किया बरामद - October 19, 2026