केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की जहां कुछ दिन पहले पुंछ जिले में आतंकवादियों द्वारा घात लगाकर किये गये हमले में पांच सैनिक शहीद हो गए थे। सेना 21 दिसंबर के आतंकवादी हमले के एक दिन बाद तीन नागरिकों को पूछताछ के लिए कथित तौर पर ले गई थी। 21 से 42 वर्षीय ये तीनों लोग बाद में मृत पाए गए जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। इन घटनाओं के मद्देनजर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने पुंछ का दौरा किया था।
अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सेना प्रमुख पांडे और खुफिया और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
एक अधिकारी ने कहा गृह मंत्री को जम्मू-कश्मीर में मौजूदा सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी गई है। इससे पूर्व जम्मू और कश्मीर प्रशासन ने मृत नागरिकों के परिजनों के लिए मुआवजे और नौकरी का ऐलान करते हुए कहा कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद रोधी अभियानों को मजबूत करने का निर्देश दिया। जम्मू-कश्मीर में संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों को उचित तैनाती की सलाह देते हुए शाह ने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद रोधी अभियान चलाते समय सभी उचित प्रक्रियाएं अपनाई जानी चाहिए। गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को आतंकवाद विरोधी अभियानों को मजबूत करने और आतंकवाद तंत्र को पूरी तरह से खत्म करने का निर्देश दिया।
-एजेंसी
- छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं…राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, छात्रों के समर्थन में उठाई तीन प्रमुख मांगें - July 22, 2026
- आगरा से दुबई तक फैला साइबर सिंडिकेट बेनकाब: फर्जी CSC के जरिए 50 करोड़ की ठगी, पुलिस ने दबोचे दो शातिर - July 22, 2026
- पर्यावरण संरक्षण का संकल्प: पंजाबी सभा आगरा महानगर ने शुरू किया वृहद वृक्षारोपण अभियान, शहर भर में लगाए जाएंगे छायादार व औषधीय पौधे - July 22, 2026