आगरा: ताजनगरी में चिकित्सा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रही संस्था ‘हेल्प आगरा’ की आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा को एक और बड़ा संबल मिला है। समाजसेवी दीपक कुमार लोहिया की प्रेरणा और पहल पर जेके सीमेंट (JK Cement) की ओर से संस्था को एक आधुनिक ईको एम्बुलेंस भेंट की गई है।
सोमवार को हेल्प आगरा भवन पर आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान जेके सीमेंट के प्रतिनिधि आशीष श्रीवास्तव और मनोज चतुर्वेदी ने एम्बुलेंस की चाबी संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन और महामंत्री गौतम सेठ को औपचारिक रूप से सौंपी।
इस अवसर पर जेके सीमेंट परिवार की ओर से हेल्प आगरा हॉस्पिटल में स्थापित किए जा रहे 40 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट के लिए 5 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया, जिसे संस्था ने चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
”जरूरतमंदों के लिए जीवनरक्षक है एम्बुलेंस सेवा”: सुरेंद्र जैन
एम्बुलेंस के लोकार्पण अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों और शहर के गणमान्य समाजसेवियों ने इस सहायता को चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में मील का पत्थर बताया। संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने जेके सीमेंट परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई ईको एम्बुलेंस के जुड़ने से हेल्प आगरा की आपातकालीन चिकित्सा सेवा और अधिक सशक्त होगी।
उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस केवल एक वाहन नहीं है, बल्कि उन गंभीर मरीजों के लिए जीवनरक्षक सुविधा है जो समय पर अस्पताल न पहुँच पाने के कारण जीवन-मरण के संकट में पड़ जाते हैं। संस्था का निरंतर यही प्रयास रहता है कि आपात स्थिति में प्रत्येक जरूरतमंद को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बेड़े में शामिल हुईं कुल 13 एम्बुलेंस
संस्था की सेवा क्षमताओं की जानकारी देते हुए एम्बुलेंस सेवा के प्रभारी अशोक बंसल ने बताया कि इस नई ईको एम्बुलेंस के शामिल होने के बाद अब हेल्प आगरा के बेड़े में कुल 13 एम्बुलेंस हो गई हैं। इससे संस्था की ऑपरेशनल क्षमता में इजाफा होगा और अधिक से अधिक दूर-दराज के क्षेत्रों तक आपातकालीन परिवहन सुविधा पहुँचाई जा सकेगी।
इस गरिमामयी समारोह में समाजसेवी मनीष अग्रवाल (श्री कृष्ण लीला कमेटी), श्रीमती नूपुर लोहिया, जेके सीमेंट की टीम के सदस्य तथा हेल्प आगरा के उपाध्यक्ष अजय मित्तल, विशेष बंसल, नरेश जैन, नितिन अग्रवाल, राजीव गुप्ता, नंदकिशोर गोयल, ओपी गोयल, राजीव जैन और डॉ. मोहित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
- आजम खान को लेकर अखिलेश यादव का छलका दर्द: बोले– ‘मुसलसल नाइंसाफी का सामना कर रहे हैं वरिष्ठ नेता’ - November 16, 2026
- “जनगणना 2027 तय करेगी यूपी के समग्र विकास की दिशा”, CM योगी ने लोकभवन से किया अभियान का शुभारंभ - November 16, 2026
- अपनी कहानी अपने शब्दों में कहना जरूरी था… सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ का विमोचन; परिवार के बारे में फैले भ्रामक प्रचार पर रखी अपनी बात - November 16, 2026