लखनऊ : उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (यूपी रोडवेज) की सामान्य बसों में सफर करने वाली वरिष्ठ नागरिक महिलाओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली निःशुल्क बस यात्रा योजना को और अधिक सुगम, पारदर्शी तथा सुरक्षित बनाने की दिशा में रोडवेज प्रशासन ने कदम बढ़ा दिए हैं।
अब बुजुर्ग महिला यात्रियों को बसों में सफर के दौरान इलेक्ट्रॉनिक टिकट इश्यूइंग मशीन (ETM) से ‘शून्य मूल्य’ (Zero Value) का विशेष टिकट प्रदान किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के लागू होने से निःशुल्क यात्रा के दौरान महिला यात्रियों को अब तक आने वाली तमाम व्यावहारिक समस्याओं और कागजी झंझटों से मुक्ति मिल जाएगी।
’शून्य मूल्य’ टिकट से मिलेगा बीमा और सुरक्षा का कानूनी कवच
निःशुल्क यात्रा का आनंद ले रही 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए यह ‘शून्य मूल्य’ का टिकट केवल एक रसीद नहीं, बल्कि यात्रा का एक अधिकृत प्रमाण पत्र होगा। इस टिकट पर बस का नंबर, यात्रा शुरू करने का स्टॉपेज और गंतव्य (ड्रॉप लोकेशन) की पूरी जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज होगी।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह नया टिकट बुजुर्ग महिलाओं के लिए बीमा सुरक्षा की राह पूरी तरह साफ कर देगा। परिवहन निगम के नियमानुसार, किसी भी अप्रिय घटना या सड़क दुर्घटना की स्थिति में बस का टिकट ही यात्री की सुरक्षा और निगम की ओर से मिलने वाले आधिकारिक बीमा क्लेम का सबसे मुख्य कानूनी दस्तावेज होता है। अब तक बिना टिकट सफर करने के कारण दुर्घटना की स्थिति में परिजनों को क्लेम प्राप्त करने में कई कानूनी अड़चनों का सामना करना पड़ता था, जो अब इस ‘शून्य मूल्य’ टिकट व्यवस्था के लागू होने से हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा।
आधार कार्ड स्कैन होते ही ETM से निकलेगा टिकट
परिवहन निगम मुख्यालय स्तर पर इस नई व्यवस्था को धरातल पर उतारने के लिए ETM मशीनों के सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन और डेटा फीडिंग का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए लाभार्थी महिलाओं को सफर के दौरान अपना वैध पहचान पत्र (जैसे फोटोयुक्त पहचान पत्र) साथ रखना अनिवार्य होगा।
बस में सवार होते ही कंडक्टर इस पहचान पत्र को ETM मशीन के स्कैनर से वेरीफाई करेंगे, जिसके तुरंत बाद मशीन से ‘शून्य मूल्य’ का टिकट प्रिंट होकर निकल आएगा। निगम के इस फैसले से जहां महिला यात्रियों की सुरक्षा पुख्ता होगी, वहीं निःशुल्क यात्रा का वास्तविक आंकड़ा और पारदर्शिता भी बनी रहेगी।
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता: पिता ने किडनी दान कर बचाई बेटे की जान, दूसरा सफल ट्रांसप्लांट रहा कामयाब - October 11, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: फतेहाबाद के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत - October 11, 2026
- ताजमहल में पर्यटकों के बीच जमकर हुई हाथापाई: पैर पर पैर रखने के मामूली विवाद पर भिड़े राजस्थान के पर्यटक, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप - October 11, 2026