लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के भव्य शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आधी आबादी को साधते हुए कई बड़े और महत्वपूर्ण ऐलानों की झड़ी लगा दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में जरूरतमंद 50 हजार छात्राओं को मुफ्त स्कूटी प्रदान की जाएगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार हर जनहित योजना को बेटियों और महिलाओं को केंद्र में रखकर ही तैयार करती है, क्योंकि बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद डरावनी थी। उस समय आम बोलचाल में कहा जाता था कि— “देख सपाई बिटिया घबराई”। उस दौर में प्रदेश की बेटियों का सम्मान, उनकी शिक्षा और उनका भविष्य बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं था। त्योहारों और उत्सवों से ठीक पहले राज्य में दंगे करा दिए जाते थे और हर तरफ अराजकता व अव्यवस्था का माहौल रहता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे उस दौर को याद करते हैं तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में जब से यूपी में डबल इंजन की सरकार आई है, तब से राज्य की उसी अराजकता को विकास और उत्सव में बदल दिया गया है।
बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, अपराधियों को चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि पहले हर सरकारी योजना में जमकर भ्रष्टाचार होता था, लेकिन अब सरकार की हर योजना का केंद्र बिंदु ‘बेटी’ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी असामाजिक तत्व या अपराधी बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करेगा, उसे कानून के तहत जेल भेजा जाएगा या फिर उसका अंजाम तय है।
‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ की शुरुआत
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में मुख्यमंत्री ने आज आधिकारिक तौर पर ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया। इस कल्याणकारी योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की सभी महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में पूरी तरह नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
आंकड़ों के मुताबिक, इस योजना से रोजाना करीब 88,438 महिला यात्रियों को सीधा लाभ मिलने का अनुमान है। इस योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए 60 वर्ष से अधिक उम्र की पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से विशेष ‘स्मार्ट कार्ड’ उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे यात्रा के दौरान उनकी पहचान और मुफ्त बस सेवा की व्यवस्था बेहद आसान और पारदर्शी हो सकेगी।
- Agra News: ग्रामीणों और गोताखोरों की सूझबूझ, तालाब में डूबी बच्ची को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया, हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर - August 27, 2026
- चंबल नदी के पिनाहट और उसेथ घाट पर स्टीमर संचालन ठप: रक्षाबंधन पर आवागमन बंद होने से यूपी-एमपी के सैकड़ों ग्रामीण परेशान - August 27, 2026
- अखिलेश यादव का बीजेपी पर तीखा हमला: बोले— ‘कमीशन ही भाजपा का मिशन है, बस चले तो पूरी पार्टी को ही बेच दें’ - August 27, 2026