नई दिल्ली/पणजी। श्रीराम मंदिर में हुए चढ़ावे की चोरी का मामला अब पूरे देश में एक गंभीर राजनीतिक मुद्दा बन गया है। इस घटना को लेकर लगातार आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। इसी कड़ी में, शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोवा की राजधानी पणजी स्थित ऐतिहासिक मारुति मंदिर में हनुमान जी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने श्रीराम मंदिर में हुई चंदे की चोरी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “श्रीराम मंदिर में हुई चंदे की चोरी से पूरा देश बहुत आहत है। आज मैंने गोवा के मंदिर में प्रार्थना की है कि श्रीराम मंदिर में जिन-जिन पापियों ने घोटाले किए हैं, जिन्होंने चढ़ावे की चोरी की है, और उन पापियों को बचाने वाले जो लोग हैं, उन सभी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।”
इससे पूर्व अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर इस मामले को लेकर एक अत्यंत गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “पूर्व गृह सचिव द्वारा पूरी श्रद्धा के साथ चढ़ाई गई एक किलो सोने की राम चरित मानस भी गायब है। चंदा चोरों ने महापाप किया है।”
ज्ञात हो कि श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी का यह मामला उजागर होने के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल स्वयं अयोध्या पहुंचे थे। वहां उन्होंने राम मंदिर में दर्शन किए और मंदिर प्रबंधन व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
अब एक बार फिर गोवा दौरे के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए अरविंद केजरीवाल ने सरकार को घेरा है और दोषियों के साथ-साथ उन्हें बचाने वालों पर भी कार्रवाई की अपनी मांग को दोहराया है। इस मामले को लेकर अब सियासत और भी तेज होती नजर आ रही है।
- अयोध्या राम मंदिर चंदा मामला: सोने से मढ़ी रामचरितमानस भी हुई गायब, पूर्व IAS बोले- 5 करोड़ कीमत थी, चंपत राय ने रसीद नहीं दी, अब कहा- मैं कुछ नहीं कर सकता - July 4, 2026
- लखनऊ अग्निकांड पर हाईकोर्ट की योगी सरकार पर सख्त टिप्पणी: ’15 युवाओं की मौत राज्य की दयनीय स्थिति का प्रमाण’, अफसरों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल - July 4, 2026
- आगरा के शिवहरे समाज की अनूठी पहल: स्व. अतुल शिवहरे की स्मृति में आयोजित शिविर में हुआ 55 यूनिट रक्तदान - July 4, 2026