आगरा में पंजाबी सभा आगरा महानगर के अध्यक्ष सर्व प्रकाश कपूर के नेतृत्व में रविवार को अमर बलिदानी सरदार भगत सिंह का जन्मोत्सव नूरी दरवाजा स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर अत्यंत उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस दौरान सभा के पदाधिकारियों, स्थानीय दुकानदारों और शहर के तमाम प्रेमियों ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’, ‘भगत सिंह अमर रहे’ और ‘भगत तेरा आजादी में योगदान भूलेगा नहीं हिंदुस्तान’ जैसे ओजस्वी नारों से पूरे नूरी दरवाजा बाजार को गूंजायमान कर दिया।
स्वच्छता अभियान और मिष्ठान वितरण के साथ मनाया जन्मोत्सव
पिछले 30 वर्षों से लगातार 27 सितंबर को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह का जन्मोत्सव मनाती आ रही पंजाबी सभा ने इस वर्ष भी अपनी परंपरा को निभाते हुए भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत में पंजाबी सभा के सदस्यों ने भगत सिंह की मूर्ति परिसर में पहुंचकर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद एक-एक कर सभी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और नूरी दरवाजा स्थित पेठा बाजार में राहगीरों व दुकानदारों के बीच मिष्ठान वितरित कर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। सभा के सभी सदस्यों ने अमर शहीद के जीवन से प्रेरणा लेकर अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित करने का संकल्प लिया।
मेट्रो स्टेशन का नाम ‘शहीद भगत सिंह’ रखने की उठी मांग
कार्यक्रम के दौरान आगरा के संपूर्ण निवासियों, देशप्रेमियों और पंजाबी सभा के सभी सदस्यों ने एक स्वर में फिर से यह पुरजोर मांग उठाई कि आगरा कॉलेज और सेंट जॉन्स कॉलेज के बीच निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन का नामकरण ‘शहीद भगत सिंह’ के नाम पर किया जाए। सभा ने इस मांग को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि वे जल्द ही इस सिलसिले में संबंधित जनप्रतिनिधियों और उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर इस मांग को पूरा करने का आग्रह करेंगे।
कार्यक्रम में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस पावन अवसर पर पंजाबी सभा आगरा महानगर के कोषाध्यक्ष सुरेश भांबरी, विश्वनाथ जुनेजा, जगदीश बत्रा, रोहित कत्याल, अश्वनी खन्ना, यशपाल गोगिया, नंदी महाजन, चंद्रवीर फौजदार, विकास कुंद्रा, राहुल बागला, अमित कौरा, अंकित मल्होत्रा, गौरव अरोरा और अभिषेक कपूर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- आगरा में ‘फिर हेरा फेरी’ स्टाइल में ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: 21 दिन में पैसा डबल करने का लालच देने वाले 3 शातिर गिरफ्तार - October 19, 2026
- केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का विपक्ष पर बड़ा हमला: बोले— ‘भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस, यहाँ साजिशों से नहीं केवल चुनावों से होता है सत्ता परिवर्तन’ - October 18, 2026
- मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग: फुटबॉल खेलकर लौटते समय हुआ हमला, ड्राइवर घायल - October 18, 2026