झूले पलना में जनक किशोरी… आगरा में भव्यता के साथ मनाया गया माँ जानकी का जन्मोत्सव, गूंजे बधाई गीत और उमड़े श्रद्धालु

स्थानीय समाचार

आगरा। “प्रगटीं सिय बिधि बीच बिचारा। जनकपुर मंगल भवन उजियारा॥” जगत जननी माँ जानकी के पावन प्राकट्य का प्रसंग जैसे ही रामलीला मैदान में साकार हुआ, समूची मिथिला नगरी भक्तिभाव और उल्लास से झूम उठी। उत्तर भारत की ऐतिहासिक रामलीला में शुक्रवार को रामलीला मैदान भव्य मिथिला नगरी के रूप में सजा हुआ था। चारों ओर मंगल गीतों और बधाइयों की गूंज थी और श्रद्धालु माँ जानकी के प्राकट्य के दिव्य दर्शन के साक्षी बने। सभी का स्वागत शहनाई और ढोल के साथ किया गया।

मंच पर महाराज जनक के स्वरूप में अशोक गोयल तथा महारानी सुनयना के स्वरूप में लता गोयल ने विधि-विधान के साथ खेत में हल चलाने की लीला का मंचन किया। हल चलाते हुए जब हल एक घड़े से टकराया तो उसी घड़े से पृथ्वी पर जगत जननी माँ जानकी का प्राकट्य हुआ। माँ जानकी के अवतरित होते ही राजा जनक और महारानी सुनयना का हृदय आनंद से भर उठा। मिथिला नगरी में जैसे आनंद की लहर दौड़ गई। माँ जानकी का बाल स्वरूप बनने का सौभाग्य तीन माह की अवनि को प्राप्त हुआ ।

माँ जानकी के जन्म का समाचार मिलते ही पूरे पंडाल में “बधाई हो बधाई, जनक घर बेटी आई” के जयघोष और मंगल गीत गूंजने लगे। मिथिला नगरी के पंडाल में उपस्थित महिलाओं ने हर्षोल्लास के साथ नृत्य किया और बधाई गीत गाए। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने भी माँ जानकी के प्राकट्य पर जनक परिवार को बधाई दी।

“जनकसुता जग जननि जानकी। अतिसय प्रिय करुनानिधान की॥”

माँ जानकी के जन्मोत्सव के अवसर पर रामलीला मैदान में विशेष उत्सव मनाया गया। राजा जनक और महारानी सुनयना ने पूरे पंडाल में खिलौने, मिठाई, फल, मेवा, चॉकलेट और टॉफियां वितरित कर उपस्थित श्रद्धालुओं की खुशियां बढ़ा दीं।

बाल स्वरूप माँ जानकी के प्राकट्य ने वातावरण को वात्सल्य और भक्ति से भर दिया। स्वरूपों की आरती राजा जनक अशोक कुमार गोयल, रानी सुनैना लता गोयल, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्या, उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजू यादव, अजय गर्ग अवागढ़, राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल, रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल ने की।

राजा जनक परिवार की ओर से जरा फूलों से सजा दो मिथिला को… मची है धूम मिथिला में… भजनों को स्वर दिए गए। जनकपुरी महोत्सव महिला समिति की ओर से नृत्य प्रस्तुति दी गई। राजा जनक अशोक कुमार अग्रवाल के परिवार से शोभिक गोयल, स्मृति गोयल, मोहित गोयल, रिनी गोयल अनुप्रिया, खुश, अवंतिका, अनन्या, वेदा, मुरारी लाल फतेहपुरिया, कमल नयन फतेहपुरिया, सुनीता फतेहपुरिया, मंजू बंसल, वरुण बंसल, आयुषी, शिल्पी, विकास, शिप्रा, सोनम, अनुभव, निकिता, खुशबू, अंशुल, शुभम, तान्या, राहुल, अभिषेक, शैलेंद्र बंसल, स्वीटी, राजीव मित्तल, सोनल मित्तल आदि उपस्थित रहीं।

किन्नर समाज उतारेगा श्री राम आरती

श्री रामलीला कमेटी अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि शनिवार को रामायण कालीन परंपरा को आगे बढ़ाते हुए किन्नर समाज को प्रभु श्री राम की उतारने के लिए आमंत्रित किया गया है।

मीडिया प्रभारी राहुल गौतम ने बताया कि इसके साथ ही विश्वामित्र आगमन और ताड़का वध लीला का मंचन शनिवार को ही किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, जगदीश बागला, मुकेश जौहरी , अंजुल बंसल, भगवान दास बंसल, ताराचंद अग्रवाल, विनोद जौहरी , प्रकाश चंद्र, महेश चंद्र अग्रवाल, प्रवीन स्वरूप, आयुष अग्रवाल, शैलेश अग्रवाल, रमांशु शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh