आगरा के एत्मादपुर में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष; दीवाली की शाम फायरिंग, पथराव और मारपीट में चाचा-भतीजे घायल, दो कारें क्षतिग्रस्त

Crime

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद के थाना एत्मादपुर क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांव बंघारा में दीपावली की शाम पुरानी रंजिश के चलते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट, फायरिंग और पथराव तक जा पहुँचा। इस हिंसक झड़प में एक व्यक्ति और उसके दो भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दोनों पक्षों के बीच हुई इस घटना में दो कारें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले की गहनता से जाँच शुरू कर दी गई है।

​पूजा की तैयारी के दौरान हूटर बजाती पहुँची अर्टिगा

​मीडिया रिपोर्ट्स और पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़ित शिवालय प्रताप सिंह ने गांव के ही रहने वाले रिंकू फौजी, प्रिंस और अनुज पर जान से मारने की नीयत से कार चढ़ाने और तमंचों से अंधाधुंध फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है।

शिवालय प्रताप सिंह ने बताया कि बीती 8 नवंबर को दीपावली की शाम करीब सात बजे वह अपने घर पर त्योहार की पूजा की तैयारी कर रहे थे। घर में पूरा परिवार उत्सव के माहौल में था। इसी दौरान अचानक हूटर बजाती हुई एक अर्टिगा कार उनके घर के पास आकर रुकी। आरोप है कि कार में सवार दबंगों ने आते ही गालियाँ देनी शुरू कर दीं और तमंचे से फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े, तो कार चालक ने तेजी से गाड़ी उनकी तरफ बढ़ा दी।

कार की आड़ में छिपे, कंधे और पसली में आई चोट

हमले से बचने के लिए शिवालय प्रताप सिंह एक अन्य कार की आड़ में छिप गए, लेकिन तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से उनके कंधे और पसली में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद हमलावरों ने उन पर दोबारा गोली चलाई, लेकिन गनीमत यह रही कि वह जमीन पर गिर गए, जिससे गोली उन्हें नहीं लगी। इसके बाद आरोपी दहशत फैलाते हुए अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित का यह भी दावा है कि यह पूरी खौफनाक घटना उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह कैद हो गई है। हमलावरों ने उनकी कार को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया।

​दूसरे गांव पहुँचने पर छतों से हुआ पथराव

घटना के तुरंत बाद आक्रोशित ग्रामीण पूछताछ करने के लिए आरोपी पक्ष के गांव ‘गढ़ी रामी’ पहुँच गए। आरोप है कि वहाँ पहुँचते ही रिंकू फौजी, प्रिंस और अनुज ने अपने घरों की छतों से ग्रामीणों पर ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया।

इस पथराव में शिवालय के दो भतीजे ऋतिक और नीकेश घायल हो गए तथा उनकी स्कॉर्पियो कार भी पथराव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में गांव के संभ्रांत और बुजुर्ग लोगों ने बीच-बचाहक कर मामला शांत कराया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जाते-जाते हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की खुली धमकी भी दी है।

पहले भी विवादों में रहा है आरोपी का नाम

पीड़ित शिवालय प्रताप सिंह का कहना है कि मुख्य आरोपी रिंकू फौजी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसका नाम पहले भी कई विवादों में आ चुका है। महज दो दिन पहले ही मारपीट के एक अन्य मामले में पुलिस ने उसका चालान किया था। पीड़ित का दावा है कि वह अक्सर लोगों के साथ दबंगई करता है और यहाँ तक कि पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता व मारपीट कर चुका है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर बने तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर गश्त बढ़ा दी गई है। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh