पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस उमर अता बंदियाल ने इमरान खान सरकार को बड़ा झटका दे दिया। उन्होंने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि कोई भी सांसद अपनी पार्टी के खिलाफ जाकर अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग कर सकता है।
बता दें कि पाकिस्तान की पॉलिटिकल क्राइसिस में एक नया पेंच फंस गया है। सरकार का कहना है कि यदि बागी सांसद अविश्वास प्रस्ताव पर विपक्ष का साथ देंगे तो उन्हें संसद से डिसक्वालिफाई किया जा सकता है। हालांकि, चीफ जस्टिस का कहना है कि संविधान में ऐसा कुछ नहीं कहा गया है। फिलहाल इस मुद्दे पर चर्चा जारी है।
इससे पहले शुक्रवार को इमरान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश नहीं किया जा सका। संसद का विशेष सत्र शुरू होने के 10 मिनट बाद ही खत्म हो गया। ऐसा एक सांसद के निधन की वजह से हुआ। विशेष सत्र सांसद की मौत पर शोक जताकर खत्म कर दिया गया। अब संसद की कार्यवाही 28 मार्च को शुरू होगी।
पाकिस्तान की राजनीति से जुड़े बड़े अपडेट्स…
होम मिनिस्टर शेख रशीद ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए बताया कि उन्होंने PM इमरान खान से वक्त से पहले चुनाव करवाने की मांग की है। रशीद चाहते हैं कि 2022-23 के लिए बजट पेश करने के तुरंत बाद ही चुनाव का ऐलान कर दिया जाए।
विपक्ष ने संसद के स्पीकर असद कैसर पर गंभीर आरोप लगाए। सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद विपक्षी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग (PML-N) के नेता शहबाज शरीफ ने स्पीकर असद कैसर को इमरान खान की कठपुतली बताया।
इमरान पर तंज कसते हुए पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के लीडर बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा कि कैप्टन फिर पिच छोड़ गए, हमेशा की तरह। सरकार अविश्वास प्रस्ताव को टालने का हर पैंतरा अपना रही है।
शुक्रवार को PTI सांसद मलिक अहमद हुसैन देहर इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने के अपने फैसले से पलट गए। मलिक ने कहा कि मैं सरकार के साथ हूं। प्रधानमंत्री के साथ मेरे जो भी मतभेद हैं, उसका समाधान मिलते ही मैं उनका सपोर्ट करूंगा।
विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा, MQM-P अभी भी हमारे साथ
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने शुक्रवार को पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के दावे को नकार दिया है। इसमें PPP ने कहा था कि मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (MQM-P) इमरान खान को बाहर करने के प्रस्ताव के पक्ष में वोटिंग करेगा।
पाकिस्तानी चैनल ARY के मुताबिक विदेश मंत्री का यह बयान इस्लामाबाद में उनकी MQM-P नेताओं से मीटिंग के बाद आया। बता दें कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) और मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (MQM-P) के बीच गुरुवार को मीटिंग हुई थी। कहा जा रहा था कि इस मीटिंग में इमरान सरकार का समर्थन कर रहे MQM पार्टी ने विपक्षी पार्टियों से समझौता कर लिया है।
-एजेंसियां
- ज़ाइडस पिंकाथॉन 12 शहरों तक पहुंचा, लक्ष्य 52 शहरों में विस्तार - October 26, 2026
- ‘बीजेपी लाख षड्यंत्र कर ले, गठबंधन को छू भी नहीं सकती…’: ‘200 सीट’ वाले पोस्टर पर यूपी कांग्रेस प्रभारी का करारा जवाब” - October 25, 2026
- कांग्रेस के ‘200 सीट हक’ वाले पोस्टर पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- ”गठबंधन से बीजेपी के पेट में हुआ दर्द, डर के मारे लगवा रही नकली पोस्टर” - October 25, 2026