50% महिला भागीदारी से ही साकार होगा आत्मनिर्भर भारत का सपना
“शक्ति संवाद” कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण पर हुआ सार्थक संवाद
Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. राष्ट्रीय महिला आयोग, भारत सरकार की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने बुधवार को डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज का दौरा किया। यह आयोजन “शक्ति संवाद – महिला कर्मियों की बात” कार्यक्रम के अंतर्गत हुआ। कार्यक्रम में उन्होंने फैक्ट्री में कार्यरत महिला कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया और उनके अनुभवों को सुना। इंडस्ट्री में महिला कर्मचारियों की अच्छी संख्या देख पूरन डावर को सराहा।
जूता उद्योग में महिलाओं के लिए अपार संभावनाएं
अपने संबोधन में श्रीमती रहाटकर ने कहा कि जूता उद्योग देश के सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक है। उन्होंने बताया कि भारत में प्रति व्यक्ति फुटवियर की खपत दो से तीन जोड़ी तक है, जिससे स्पष्ट है कि यह क्षेत्र निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने यह भी कहा कि कपड़ा और फैशन के बाद यह दूसरा सबसे बड़ा रोजगार सृजन करने वाला क्षेत्र है।
महिला सशक्तिकरण योजनाओं का उल्लेख
राष्ट्र्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाओं – जनधन योजना, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, आयुष्मान भारत और तीन तलाक कानून – का उल्लेख करते हुए बताया कि आज महिलाएं ड्रोन उड़ा रही हैं, स्वरोजगार स्थापित कर रही हैं और “लखपति दीदी” बनकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी निभा रही हैं।

उद्योगों में 50% महिला भागीदारी का आह्वान
उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी महिलाएं हैं, तो उन्हें उद्योगों में भी कम से कम 50% भागीदारी मिलनी चाहिए। जब तक महिलाओं को बराबरी का अवसर नहीं मिलेगा, तब तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत का सपना अधूरा रहेगा।
पूरन डावर ने बताया दक्षिण भारत का उदाहरण
कार्यक्रम में विशेष अतिथि पूरन डावर, चेयरमैन – फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद (DCFLI), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार, ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि इंडस्ट्री में महिला भागीदारी 50% तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत में फुटवियर इंडस्ट्री में 80-85% महिलाएं कार्यरत हैं, जबकि उत्तर भारत में यह संख्या बहुत कम है। उन्होंने यह भी कहा कि इस इंडस्ट्री में अधिकांश कार्य महिलाएं सहजता से कर सकती हैं और केवल 1-3 महीने की ट्रेनिंग से वे दक्ष हो सकती हैं।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान का संदेश
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान ने कहा कि जब तक महिलाओं का कौशल विकास नहीं होगा, तब तक आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा अधूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि महिलाओं के लिए नियमित रूप से कार्यशालाएं और प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं ताकि वे न केवल आर्थिक रूप से स्वतंत्र हों, बल्कि समाज की मुख्यधारा में अग्रणी भूमिका निभा सकें।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डेलिना खोंगदुप, संयुक्त सचिव बी. राधिका चक्रवर्ती, प्रधान निजी सचिव श्री रामावतार सिंह, त्रिशूली क्रिएशंस की श्रुति कौल और पल्लवी महाजन सहित कई विशिष्टजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत डावर फुटवियर के प्रबंधक राजीव मिश्रा और शालिनी शर्मा ने किया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाएं और संचालन
धन्यवाद ज्ञापन एफमैक उपाध्यक्ष गोपाल गुप्ता एवं राजेश सहगल ने किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं इन्क्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के ब्रजेश शर्मा, अजय शर्मा और डॉ. राम नरेश शर्मा ने संभालीं। संचालन डॉ. तरुण शर्मा ने कुशलतापूर्वक किया।
✍️ संपादकीय : डाबर फुटवियर और पूरन डावर का अभिनंदन
डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज और पूरन डावर के नेतृत्व को नमन करना चाहिए, जिन्होंने महिला सशक्तिकरण को केवल नारा नहीं, बल्कि व्यावहारिक रूप दिया है। उद्योग जगत में महिलाओं को समान अवसर देकर वे आत्मनिर्भर भारत की नींव को सुदृढ़ कर रहे हैं। पूरन डावर का यह विचार कि केवल 1-3 महीने की ट्रेनिंग से महिलाएं दक्ष कार्यबल बन सकती हैं, नीति-निर्माताओं के लिए एक प्रेरणास्पद मॉडल प्रस्तुत करता है। ऐसे प्रयासों की आवश्यकता देश के हर कोने में है। यह सराहनीय है कि डाबर फुटवियर नारीशक्ति को सम्मान, अवसर और आत्मनिर्भरता का मंच दे रहा है। यही भारत की असली ताकत है – सशक्त नारी, सशक्त राष्ट्र।
- डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज आगरा में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने ऐसा क्या देखा कि पूरन डावर पर मोहित गईं - June 20, 2025
- यूपी टी20 लीग मिनी ऑक्शन 2025 में कानपुर सुपरस्टार्स हुए और भी स्मार्ट - June 20, 2025
- हिमाचल प्रदेश सहप्रभारी विदित चौधरी का जन्मदिन कांग्रेसियों ने धूमधाम से मनाया - June 20, 2025