भाजपा के बगावती विधायक पर जयंत ने चलाए शब्दबाण, उनके लिए रालोद के दरवाजे हमेशा के लिए बंद
चाहरवाटी के जैंगारा में पुराने संबंधों का हवाला देकर राजकुमार चाहर को प्रचंड मतों से जिताने का आह्वान
Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. आगरा के चाहरवाटी क्षेत्र में 242 ग्राम चाहर जाटों के आते है। जैंगारा, कागारोल, चैंकोरा, अकोला प्रमुख हैं। अकोला को चाहरवाटी की राजधानी कहा जाता है। मुगल काल में बाघराम चाहर, रामकी चाहर, मोझिया चाहर, बाबा घासीराम चाहर राजबीर चाहर, अतुल चाहर जैसे योद्धा चाहरवाटी में जन्मे। मुगलों से संघर्ष का इनका बड़ा रोमांचकारी इतिहास रहा है। अब सत्ता के लिए संग्राम है। जैंगारा में राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने जाटों के बीच अपनी बात रखी। यह वही जैंगारा है जहां के कैप्टन भगवान सिंह फिजी में राजदूत और उच्चायुक्त थे। वे जाट समाज के पहले आईएएस अधिकारी थे। उनके पुत्र अजय सिंह पत्रकार से नेता बने। आगरा के सांसद बने। वे रेल उपमंत्री भी रहे। अखिल भारतीय जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। लोकगायक महावीर सिंह चाहर भी जैंगारा के ही हैं।

जाटों को झकझोरा
जैंगारा में राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष चौधरी जयंत चौधरी ने उपस्थित जनसमुदाय को अपने पुराने संबंधों का हवाला देकर झकझोर दिया। जनसभा में मौजूद भारी भीड़ को देखकर उत्साहित जयंत सिंह ने कहा कि चाहरवाटी का अपने आप में इतिहास रहा है। इसे किसी जाति से नहीं जोड़कर क्षेत्रीय पहचान से जाना जाए। इस क्षेत्र से पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का विशेष लगाव रहा है। इसी माटी में जन्मे पूर्व मंत्री चौधरी अजय सिंह से चौधरी साहब का पारिवारिक संबंध रहा। चौधरी चरण सिंह ने हमेशा वंचितों, पिछड़ों के हितों के लिए कार्य किया। उन्हीं के कार्यों को आगे बढ़ा रहे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनको विशेष सम्मान दिया है। इससे पूर्व किसी भी दल ने उनको उचित सम्मान नहीं दिया। चौधरी चरण सिंह को मिला भारत रत्न देश के समस्त किसानों, पिछड़ों और कामगारों का सम्मान है।

विधायक बाबूलाल का नाम लिए बिना साधा जमकर निशाना
फतेहपुर सीकरी लोकसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे रामेश्वर सिंह के पिता विधायक चौधरी बाबूलाल के बगावती तेवरों पर चौधरी जयंत सिंह खासे हमलावर दिखे। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने अंतिम बार विधानसभा का चुनाव लड़ा था, दिल्ली में चौधरी अजित सिंह एवं उनके समक्ष आकर भीख मांगी थी। किसी और को मौका देने की बात कहने के बावजूद जिद पकड़ ली। उनको टिकट मिली, लेकिन जनता का भरोसा जीतने में नाकामयाब रहे। उनको जो कुछ भी मिला, सिर्फ रालोद की वजह से मिला। रालोद की जोती हुई खेती उन्हें परोस कर मिली। इसके बावजूद आज वो अपने मूल दल के साथ विश्वासघात करके चौधरी चरण सिंह एवं चौधरी अजित सिंह के आदर्शों की अवहेलना कर रहे हैं। उनके लिए अब रालोद के दरवाजे भी हमेशा के लिए बंद हो चुके हैं।

राजकुमार की गलती को माफ करके जिता दें प्रचंड मतों से चुनाव
जयंत चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर की सराहना करते हुए कहा कि इन्होंने रालोद के पदचिन्हों पर चलकर जनता के दिलों में जगह बनाई है। सांसद बनने के बाद इन्होंने बड़ी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। इसके कारण क्षेत्र में कम समय मिल पाया। इनके प्रयासों से ही क्षेत्र को गंगाजल मिलने जा रहा है। आलू अनुसंधान केंद्र स्थापित होने जा रहा है। इन्होंने अपनी गलती का इजहार कर लिया है। इनको प्रचंड मतों से जिताकर पुनः संसद भेज दें।

सांसद बनने पर चौधरी अजित सिंह को देने गया था धन्यवाद: राजकुमार चाहर
सांसद प्रत्याशी राजकुमार चाहर ने कहा कि उन्होंने कभी भी अपने संस्कारों से समझौता नहीं किया। चौधरी चरण सिंह से प्रेरणा लेकर राजनीति शुरू की। चौधरी अजित सिंह का सानिध्य पाकर आगे बढ़ा। इसके बाद भाजपा से सांसद बना तो दिल्ली जाकर चौधरी अजीत सिंह को धन्यवाद देने पहुंचा था। उनके अंदर मेरे सांसद बनने की खुशी इतनी ज्यादा थी कि भावुक होकर गले लगा लिया। राजकुमार चाहर ने कहा कि उन्होंने कभी भी जनता के हितों के खिलाफ जाकर कार्य नहीं किया। जिस दल में रहा, पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य किया। अब हमें राष्ट्रीय लोकदल का साथ मिल चुका है। आगामी कार्यकाल में समस्त वर्गों के हितों के लिए कार्य करेंगे।
जनसभा में रहे मौजूद
पंडित गोविंद शर्मा, रालोद प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर, राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, ब्रजेश चाहर, राजकुमार सांगवान, योगेश नौहवार, विधायक प्रदीप चौधरी, भूदेव प्रधान, अनीता चाहर, नरेंद्र बघेल, जिलाध्यक्ष महेश जाटव, फौरन सिंह इंदौलिया, रूपेश चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, डॉ. संजीवपाल सिंह, गुड्डू चाहर,जिला प्रवक्ता राजकुमार पथिक आदि मौजूद रहे।
- Agra News: मोबाइल तोड़ने पर आहत हुई बेटी ने उठाया आत्मघाती कदम, फांसी लगाकर दी अपनी जान - April 24, 2025
- तीरंदाजी प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए पूर्व ओलंपियन के साथ वेदांता की साझेदारी - April 24, 2025
- Agra News: आगरा व्यापार मंडल ने पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में जताया आक्रोश, शहीदों को दी श्रद्धांजलि - April 24, 2025