आगरा के समाजसेवियों ने दी श्रद्धांजलि, संस्मरण सुनाते समय भावुक हुए समाजसेवी
आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने जन्मदिवस को अवतरण दिवस बताया
डॉ. भानु प्रताप सिंह
Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India. आगरा विकास मंच के संस्थापक अध्यक्ष अशोक जैन सीए का जन्म दिवस अवतरण दिवस के रूप में मनाया गया। बड़ी संख्या में आगरा के समाजसेवियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने कहा कि आगरा में समाज सेवा की मशाल अशोक जैन सीए ने प्रज्ज्वलित की है। अशोक जैन सीए जैसे कार्य कोई धुरंधर भी नहीं कर सकता है। उनके जैसा समाजसेवी न हुआ है, न होगा। उनके बारे में संस्मरण सुनाते हुए लोग भावुक हो गए।
इस मौके पर 118, जयपुर हाउस के सामने स्थित पार्क का नामकरण ‘अशोक वाटिका’ किया गया। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि भूमि अधिग्रहण पुनर्वास प्राधिकरण न्यायालय आगरा के जिला जज महेश नौटियाल ने अशोक का पौधा रोपकर किया। पार्क में कुल 100 पौधे रोपे गए।
आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने बताया कि अशोक जैन सीए के अवतरण दिवस पर दो लोगों को हार्ट ऑपरेशन के लिए दिल्ली भेजा गया है। कार्यक्रम के दौरान ही एक व्यक्ति का मरणोपरांत नेत्रदान कराया गया।
जिला जज महेश नौटियाल
इसी पार्क में हुए अवतरण दिवस समारोह में अतिथियों ने अशोक जैन सीए के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। मुख्य अतिथि जिला जज महेश नौटियाल ने कहा कि अशोक जैन सीए के कार्य ईश्वरीय हैं। जिस समाज ने हमें सबकुछ दिया है, उस समाज के प्रति हमारी भी जिम्मेदारी है। सेवा का यह कार्य ऐसे ही चलता रहे। मैं भी सेवा के लिए तत्पर हूँ।

दूसरों के लिए जीना सिखाया
आगरा विकास मंच के संयोजक सुनील कुमार जैन ने कहा, “अशोक जैन सीए ने अपने लिए नहीं, दूसरों के लिए जीना सिखाया। समाजसेवा का आगरा जैसा वातावरण यूपी के किसी अन्य जिले में नहीं है। आगरा में समाज सेवा का काम ईमानदारी और सत्यता से शुरू हुआ है। यही कारण है कि आज आगरा में अपार जाम होने के बाद भी लोग यहां आए हैं।”
उन्होंने कहा, “हम अशोक जैन सीए की कल्पनाओं को धरातल पर उतार रहे हैं। मानव सेवा के लिए सबको प्रेरित करें। पक्षियों के लिए काम पूरा हुआ। ताजमहल के पास पर्यावरण के लिए काम किया। रामलाल आश्रम में शिव कुमार शर्मा काम कर रहेंगे, जिसकी ब्रांच नोएडा में बन गई। अशोक जैन सीए के निर्देशों पर जो भी कार्य कर रहा है, वह वंदनीय है। आशीर्वाद दें कि काम और आगे बढ़े।”
मेरे घर की पहचान अशोक जैन सीए के नाम सेः अनिल वर्मा
जयपुर हाउस आवासीय वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष और प्रसिद्ध आयकर अधिवक्ता अनिल वर्मा एडवोकेट ने कहा, “अशोक जैन सीए गरीबों के मसीहा थे। आगरा की सभी सामाजिक संस्थाओं में उनका योगदान है। मेरे घर पर अशोक जैन सीए की कोठी के नाम से लोग पहुंच जाते हैं। विश्व विजेता हॉकी टीम का स्वागत आगरा के सेंट जॉन्स कॉलेज मैदान में कराने में महत्वपूर्ण भूमिका थी। आगरा में जो काम किया है, उसकी बराबरी शायद ही कोई कर पाए। अध्यक्ष होने के नाते पार्क का नाम अशोक जैन सीए के नाम पर होना गर्व की बात है। धन्यवाद है अशोक जैन सीए परिवार का जयपुर हाउस का सुंदरीकरण कराने में।”
प्रसिद्ध फिजिशियन डॉ. बीके अग्रवाल
प्रसिद्ध फिजिशियन डॉ. बीके अग्रवाल ने कहा, “अशोक जैन सीए के हाथ से लिखे हुए पत्र लेकर अनेक मरीज आज भी दिखाने आते हैं तो मुझे बहुत खुशी होती है। सबने ये पत्र संभालकर रखे हुए हैं। इन्हें कोई नम्बर नहीं लगाना होता है। ये मरीज राजकुमार जैन के पास भी नहीं जाते हैं।”

अपने नाम को सार्थक किया
प्रसिद्ध सर्जन डॉ. सुनील शर्मा ने कहा कि “अशोक का अर्थ है शोक नहीं। उन्होंने अपने नाम को सार्थक किया। जीवित लोगों के लिए बहुत काम किया, भले ही पेड़-पौधे हों। सेंट पीटर्स स्कूल में एडमिशन तक कराया है। पैर में चोट होते हुए भी दिव्यांग शिविर लगाया और मुझे कष्ट है कि अपने अधिकार का प्रयोग करके उन्हें रोक नहीं पाया। इसी कारण वे हमारे बीच नहीं रहे।”
आकस्मिक दुर्घटना वाहन उपलब्ध कराया
श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और सूरत में भी आगरा का नाम रोशन कर रहे अशोक गोयल ने कहा, “अशोक जैन सीए ने आकस्मिक दुर्घटना वाहन पंजाब नेशनल बैंक से 10 दिन में उपलब्ध कराया। उन्होंने अनेक प्रशासनिक समस्याओं का निदान किया। 108 एम्बुलेंस सेवा का प्रारंभ क्षेत्र बजाजा कमेटी के कारण आगरा से हुआ था और इसमें अशोक जैन सीए का योगदान है। वातानुकूलित ताबूत सेवा में भी योगदान दिया। उन्होंने कार्यक्रम के मध्य ही नेत्रदान कराए जाने की भी जानकारी दी।”
समाजसेवा करना अशोक जैन सीए से सीखा
लीडर्स आगरा के महामंत्री और अनेक पुरस्कारों से सम्मानित सुनील जैन ने कहा, हमने अशोक जैन सीए से सीखा है समाजसेवा करना। वे हमेशा कहते थे कि अब मिलकर काम करो ताकि आगरा को सेवा क्षेत्र में भी जाना जाए। एक बच्चे के दिल के ऑपरेशन से अभियान शुरू किया, जो कारवां बन गया। जयपुर फुट आगरा में देना बहुत बड़ा काम है।

अशोक जैन सीए और समाज सेवा पर्यायवाची
रामलाल आश्रम के अध्यक्ष शिव प्रसाद शर्मा ने कहा, “अशोक जैन सीए और समाज सेवा पर्यायवाची हैं। आश्रम में 380 माता-पिता निवासरत हैं। अशोक जैन सीए की तरह उनके परिजन आज भी सहयोग कर रहे हैं। पैसे की कमी नहीं आने ही। माता-पिताओं को 200 रुपए प्रति माह जेब खर्च लगातार दे रहे हैं। निरंतर सेवा जारी है।”
आगरा की पहचान अशोक जैन सीए से भी
समाजसेवी समी आगाई ने कहा कि अशोक जैन सीए समाज के सबसे निचले व्यक्ति की सेवा की, जिसके बारे में कोई सोचता नहीं है। अपने नाम का सार्थक किया। शपथ लें कि अशोक जैन के बताए रास्ते पर चलें। आगरा की पहचान अशोक जैन सीए से भी है।
राजकुमार जैन ने बताया कि अवतरण दिवस क्यों
आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने कहा, “महामानव अशोक जैन सीए जन्मदिवस वास्ताव में ‘अवतरण दिवस’ है, क्योंकि वे सदा के लिए जीवित हैं। भाईसाहब के जाने के बाद वरिष्ठ पत्रकार अरविंद शर्मा गुड्डू का सहयोग ‘चीन की दीवार’ की तरह है। पक्षी घर बनवाने के लिए भूमि देने पर नगर निगम का आभार जताया। इससे जीव दया के प्रति चेतना आई है।” उन्होंने भावुक कर देने वाले कई किस्से भी सुनाए। उन्होंने सभी का आभार प्रकट किया।
राजनीति में भी डंका बजाया
सतीश चंद बंसल ने कहा कि नयन ऑप्टिक्स की स्थापना के दौरान आगरा विकास मंच की स्थापना हुईं। मैं 17 वर्ष महामंत्री रहा। उनके मन में हर दिन नया विचार आता था। अब तक 2500 हार्ट ऑपरेशन हो चुके हैं। उनके दोनों भाइयों ने काम को आगे बढ़ाया है। अशोक जैन सीए ने राजनीति में भी डंका बजाया।

आगरा का विकास हो रहा
पार्षद रेनू गुप्ता ने कहा कि आगरा का विकास अशोक जैन सीए के कारण हो रहा है। मैं सदैव सहयोग करूंगी।
ऐसा महामानव और कोई हो नहीं सकता
बिजेंद्र सिंह लोढ़ा ने कहा, “आगरा में जो काम अशोक जैन ने किया है, वो कोई धुरंधर भी नहीं कर पाया। ऐसा महामानव और कोई हो नहीं सकता।”
आगरा में समाजसेवा के जनक थे
आगरा विकास मंच के महामंत्री सुशील जैन ने कहा, “यहां उपस्थित समाजसेवी अशोक जैन सीए की देन हैं। अंतिम दिनों में दिव्यांगों के किया शिविर लगाया और बीमार ही गए। उनके अनुजों राजकुमार जैन और सुनील कुमार जैन ने इसके बाद बहुत काम किया है। आगरा के सुंदरीकरण में अतुलनीय योगदान है। अंतिम इच्छा दिव्यांगों के लिए अस्पताल खोलने की थी, जिसे अपनी कोठी में शुरू किया है, जहां हर सेवा निःशुल्क है। 800 से अधिक जयपुर फुट और हाथ लगवा चुके हैं। अशोक जैन सीए आगरा में समाजसेवा के जनक थे।”
आगरा वालों के दिल में उतरकर सेवा की
आगरा विकास मंच के प्रवक्ता संदेश जैन ने कहा, “जिस तरह चाबी ताले के दिल में जाकर उसे खोल देती है, उसी तरह अशोक जैन सीए ने आगरा वालों के दिल में उतरकर सेवा की।”

मंचासीन विशिष्ट अतिथि
मंच पर जाने-माने सर्जन डॉक्टर ज्ञान प्रकाश, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण जैन, सत्यमेव जयते के महामं6 गौतम सेठ, एसआर हॉस्पिटल के एमडी डॉ. अंकुर बंसल, डॉ. रमेश धमीजा, फिल्म निर्माता रंजीत सामा, प्रकाश गुप्ता आदि भी विराजमान रहे।
उल्लेखनीय उपस्थिति
समारोह में राजेश नागपाल, बंटी ग्रोवर, अजय, शरद चौरडिया, प्रकाश वैद, कमल मतलानी, राकेश जैन, दीपक जैन, रवि, अनूप अग्रवाल, लोकहितम ब्लड बैंक के महामंत्री अखिलेश अग्रवाल, संजीव जैन, मृदुल पाठक सीए, कविता जैन, पूर्वा जैन, नीलिमा सेतिया, संगीता सकलेचा, शालू, स्वाति जैन आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
मंच के प्रवक्ता संदेश जैन और महामंत्री सुशील जैन के संचालन में हुए समारोह में अतिथियों का स्वागत आशीष जैन, जयराम दास, ध्रुव जैन, विनोद नागपाल, विजय सेतिया, ममता जैन आदि ने किया।

इन्होंने किया अतिथियों का स्वागत
आशीष जैन, संदेश जैन, जयराम दस, ध्रुव जैन, बिजेंद्र सिंह लोढ़ा, विनोद नागपाल, विजय सेतिया, ममता जैन, सुनील जैन आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।
- मुंबई में ‘द प्लैटिनम’ का भव्य उद्घाटन, लग्ज़री डाइनिंग और नाइटलाइफ़ को मिला नया ठिकाना - December 30, 2025
- Agra News: सेना के परिवार की बेटी एशिया वर्मा ने पास की एनडीए, अफसर बनने की ओर बढ़ाया मजबूत कदम - December 30, 2025
- प्रयागराज दौरे पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर हमला, बोले—2027 में सपा का सूपड़ा होगा साफ - December 30, 2025